रायपुर, 10 जून (आईएएनएस)।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने शनिवार को महान समाज सुधारक गुरुबाबा घासीदास की जन्मस्थली और तपोभूमि गिरौदपुरी धाम में पूजा अर्चना की।
उन्होंने वहां कुतुबमीनार से भी ऊंचे जैतखाम का भी अवलोकन किया। इस दौरान अमित शाह ने कहा, “यह विशाल जैतखाम गुरुबाबा घासीदास के सत्य, अंहिसा और परोपकार के प्रेरक उपदेशों आधारित जीवन-दर्शन के प्रति देश और दुनिया की आस्था का प्रमुख केंद्र है।” शाह ने वास्तुकला की दृष्टि से इसके निर्माण की भी प्रशंसा की।
इसका निर्माण छत्तीसगढ़ सरकार के लोक निर्माण विभाग द्वारा करवाया गया है। नई दिल्ली स्थित कुतुबमीनार की ऊंचाई 72 मीटर है, जबकि यह विशाल जैतखाम उससे पांच मीटर ज्यादा ऊंचा है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्त संरक्षण मंत्री पुन्नू लाल मोहले, पर्यटन और संस्कृति मंत्री दयाल दास बघेल सहित कई गणमान्य पूजा अर्चना में शामिल हुए।
dharmpath.com dharmpath