छग : शाह, रमन ने किया ‘हरियर मोर रायपुर अभियान’ का शुभारंभ

राजधानी के सर्वाधिक पुराने तालाबों में से एक कटोरा तालाब इलाके में पीपल के पौधे लगाकर इस अभियान का शुभारंभ किया गया। कटोरा तालाब के परिक्रमा पथ की मेड़ पर पीपल के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम स्थल पर लगभग साढ़े तीन हजार स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों की मानव श्रृंखला बनाकर पर्यावरण की ²ष्टि से पीपल के महत्व की ओर आम जनता का ध्यान आकर्षित किया गया।

कार्यक्रम में अमित शाह ने सभी लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करने की शपथ दिलाई। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ कटोरा तालाब के सौंदर्यीकरण के कार्यों का निरीक्षण भी किया। उल्लेखनीय है कि लगभग चार करोड़ 65 लाख रुपए की लागत से इस तालाब का गहरीकरण और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कृषि और जल संसाधन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, नगरीय प्रशासन और विकास मंत्री अमर अग्रवाल, लोकसभा सांसद रमेश बैस, राज्य सभा सांसद रामविचार नेताम, विधायक श्रीचंद सुंदरानी और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक सहित अनेक जनप्रतिनिधि व प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे तथा नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने डॉ. रमन सिंह ने इस अवसर पर कहा कि राजधानी रायपुर में 27 तालाबों के सौंदर्यीकरण और गहरीकरण का काम किया जा रहा है। सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ में इस वर्ष मानसून के दौरान विभिन्न किस्मों के लगभग आठ करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने भावी पीढ़ी के स्वास्थ्य और शहर तथा राज्य के पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए सभी लोगों से इसमें सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।

अमित शाह ने स्कूली बच्चों और नागरिकों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करने की शपथ दिलाई। उन्होंने इसके लिए अन्य लोगों को जागरूक करने, प्राचीन तालाबों के संरक्षण, गंदगी नहीं फैलाने और पेड़ लगाने की शपथ दिलाई।

डॉ. सिंह और श्री शाह ने इस अभियान की प्रशंसा करते हुए इसकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दी। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा जनसहयोग से आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और नागरिकों ने शहर को साफ-सुथरा और हरा-भरा बनाने तथा पर्यावरण को बचाने का संकल्प लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493