रायपुर, 10 जून (आईएएनएस)। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) के संस्थापक अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने शनिवार को कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह ने महात्मा गांधी को ‘चतुर बनिया’ कहकर राष्ट्रपिता का अपमान किया है। उन्हें इसके लिए देशवासियों एवं बनिया समाज से माफी मांगनी चाहिए।
जोगी ने जारी बयान में कहा, “राष्ट्रीय एवं सत्ताधारी भाजपा अध्यक्ष के मुख से ऐसी घटिया एवं संस्कारविहीन भाषा की अपेक्षा नहीं थी। राष्ट्रपिता का नाम एवं चित्र का सहारा लेकर केंद्र की सत्ता हथियाने वाली भाजपा का स्वार्थ सिद्ध हो चुका है और भविष्य में फिर से सत्ता की प्राप्ति की उन्हें उम्मीद भी नहीं है, इसलिए राष्ट्रपिता के प्रति ऐसी उलूल जलूल भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जो नाकाबिले बर्दाश्त है।”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “अमित शाह ने बनियों पर टिप्पणी कर उनके भी मान-सम्मान एवं स्तर पर वार किया है। अमित शाह बनियों को चतुर किस आधार एवं नजरिए से कह रहे हैं, उन्हें स्पष्ट करना चाहिए। शाह द्वारा राष्ट्रपिता एवं बनिया समाज पर की गई शर्मनाक, निंदनीय एवं अकल्पनीय टिप्पणी के लिए देशवासियों एवं बनिया समाज से उन्हें माफी मांगनी चाहिए और भविष्य में ऐसे असंसदीय भाषा एवं गैरवाजिब टिप्पणी से उन्हें परहेज करना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath