शिवराज से उपवास खत्म करने की अपील (लीड-1)

भोपाल, 11 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में शांति बहाली और किसानों की समस्याएं निपटाने के लिए भेल के दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के चल रहे अनिश्चितकालीन उपवास का आज (रविवार) दूसरा दिन है। वे अपने अन्य सहयोगियों के साथ मंच पर पहुंच गए हैं। वहीं सरकार के मंत्रियों ने मुख्यमंत्री से उपवास खत्म करने की अपील की है।

राज्य में एक जून से 10 जून तक चले किसान आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के खिलाफ चौहान ने शनिवार से अनिश्चितकालीन उपवास शुरू किया है। उनका कहना है कि जब तक राज्य में शांति बहाल नहीं हो जाती तब तक उनका उपवास जारी रहेगा।

मुख्यमंत्री चौहान रविवार को भी उपवास पर हैं और वे किसानों से अलग से बातचीत करेंगे। साथ ही सरकारी बैठकों का दौर भी जारी रहेगा। चौहान के साथ उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री जय भान सिंह पवैया, गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह, महिला बाल विकास मंत्री अर्चना चिटनीस, वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा भी मंच पर मौजूद हैं।

राज्य के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह का कहना है कि सभी लोग चौहान के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हैं, पूरे प्रदेश में शांति है, लिहाजा सभी लोग उनसे अपील कर रहे हैं कि वह अपना उपवास खत्म कर दें।

किसान आंदोलन के दौरान हुई पुलिस गोलीबारी में मारे गए लोगों के परिजनों ने भी शनिवार रात को मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी और उनसे उपवास खत्म करने की अपील की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493