भोपाल, 10 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में किसानों को बैंकों से भुगतान को लेकर आ रही समस्याओं को लेकर बुलाई गई बैठक में बैंकों ने दावा किया है कि राज्य के हर बैंक में पर्याप्त राशि उपलब्ध है।
आधिकारिक तौर पर जारी विज्ञप्ति के अनुसार, वित्तमंत्री जयंत मलैया ने रविवार को विभिन्न विभाग के अधिकारियों एवं बैंक अधिकारियों के साथ बैठक कर बैंकों से किसानों को आ रही समस्याओं के संबंध में चर्चा की। बैठक में बैंक अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक बैंक में पर्याप्त राशि उपलब्ध है।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि किसी बैंक में पैसा निकालने के संबंध में कोई समस्या हो तो बैंक में लिखे टोलफ्री नंबर पर शिकायत करें। इसके बाद भी समस्या का निराकरण नहीं हो तो राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के टोलफ्री नंबर 18002334035 पर कार्यालयीन दिवस में सुबह 10़30 से शाम पांच बजे के बीच शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
मलैया ने कहा कि नाबार्ड से नियमित रूप से राशि जारी करवाने के लिए जरूरी कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि जरूरत के मुताबिक केंद्र सरकार को भी पत्र लिखें और संबंधित अधिकारियों से चर्चा करें। इसके साथ मंडी में किसानों के बैंक खाते में सीधे राशि ट्रांसफर की जाए।
dharmpath.com dharmpath