गोवा : आप ने लगाया पंचायत चुनाव में गड़बड़ी का आरोप

पणजी, 11 जून (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने गोवा में पंचायत चुनाव में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि मतदान के समय मतदाताओं की पहचान के साथ खिलवाड़ किया गया।

गोवा में ‘आप’ के प्रवक्ता एश्ले रोजारियो ने संवाददाताओं से कहा, “मतपत्रों का क्रमांक (सीरियल नंबर) इस तरह का था कि राजनैतिक दल इस बात की पहचान कर लें कि किस मतदाता ने किसे मत दिया है। कई आप कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मतदान अधिकारियों को इस बारे में लिखित में शिकायत दी है।”

राज्य की 186 पंचायतों में प्रतिनिधियों के चयन के लिए रविवार को 7.49 लाख मतदाता मत डालने के लिए अधिकृत थे।

‘आप’ ने कहा है कि इस बारे में औपचारिक शिकायत राज्य निर्वाचन आयोग में दर्ज करा दी गई है। पार्टी ने कहा है कि ‘मतपत्रों में क्रमांक को जोड़ने का फैसला आज (रविवार) हुए पंचायत चुनाव में मतदान की गोपनीयता को दांव पर लगाने के समान है।’

गोवा में पंचायत चुनाव में राजनीतिक दलों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग नहीं लिया। लेकिन, ‘आप’ एवं अन्य राजनीतिक दलों ने अपनी पसंद के निर्दलीय उम्मीदवारों को समर्थन दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493