भोपाल/मंदसौर, 12 जून (आईएएनएस)। गुजरात के युवा पाटीदार नेता हार्दिक पटेल और अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव हन्नान मौला मंगलवार को मध्यप्रदेश के मंदसौर पहुंचेंगे। वे यहां पुलिस की गोली से मारे गए छह किसानों के परिजनों से मिलेंगे।
पाटीदार नवनिर्माण सेना के राष्ट्रीय महासचिव अखिलेश कटियार ने आईएनएस को बताया कि हार्दिक मंगलवार को राजस्थान के उदयपुर से मंदसौर के लिए रवाना होंगे। वह यहां पुलिस की गोली से मारे गए किसानों के परिजनों से मुलाकात कर संवदेना व्यक्त करेंगे।
कटियार ने कहा, “किसानों ने अपने हक के लिए शहादत दी है, उनकी शहादत बेकार नहीं जाएगी। हार्दिक किसानों से मुलाकात कर उनसे आंदोलन जारी रखने का आह्वान करेंगे।”
मंगलवार को ही हन्नान मौला भी मंदसौर पहुंच रहे हैं। संभावना है कि हार्दिक और मौला मंदसौर में पीड़ित किसानों के परिजनों से साथ-साथ मुलाकात करेंगे।
राज्य में किसानों ने एक जून से 10 जून तक आंदोलन किया था। सात जून को मंदसौर में पुलिस की गोलीबारी और पिटाई में छह किसानों की मौत हो गई थी।
dharmpath.com dharmpath