लंदन, 13 जून (आईएएनएस)। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे उत्तरी आयरलैंड की डेमोक्रेटिक यूनियन पार्टी (डीयूपी) के नेता से अल्पमत वाली कंजर्वेटिव पार्टी की सरकार के गठन में सहयोग के लिए मुलाकात करेंगी।
बीबीसी के मुताबिक, मे डाउनिंग स्ट्रीट में डीयूपी द्वारा अल्पमत वाली सरकार को सहयोग करने के संबंध में आर्लेन फोस्टर से मुलाकात करेंगी।
सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को सरकार की आगामी विधायी योजनाओं, 19 जून को शुरू होने वाली ब्रेक्सिट वार्ता और व्यापार व आयरलैंड गणराज्य के साथ उत्तरी आयरलैंड की सीमा के लिए विशेष निहितार्थ के संबंध में चर्चा होने की संभावना है।
गौरतलब है कि आठ जून को हुए चुनाव में आठ सीटें कम मिलने के बाद कंजर्वेटिव को 10 डीयूपी सांसदों के समर्थन पर भरोसा करना पड़ रहा है।
मे ने सोमवार को संसदीय बहुमत हासिल करने में नाकाम रहने पर निजी जिम्मेदारी लेते हुए कंजर्वेटिव पार्टी के सांसदों से माफी मांगी।
बीबीसी ने कहा कि कंजर्वेटिव पार्टी प्रमुख व्हिप गेविन विलियम्सन शनिवार को डीयूपी के साथ औपचारिक चर्चा के लिए बेलफास्ट रवाना हुए थे।
इस बीच चुनाव होने के बाद से पहली बार सांसद मंगलवार को वेस्टमिंस्टर लौटेंगे। हाउस ऑफ कामंस एक नए अध्यक्ष का चुनाव भी करेगी।
मे देर शाम तक फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से भी मुलाकात करेंगी।
dharmpath.com dharmpath