निशानेबाजी : सत्येंद्र फाइनल में फेल

गबाला (अजेरबैजान), 13 जून (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) के राइफल/पिस्टल विश्व कप के पुरुष 50 मीटर राइफल-3 पोजीशन के फाइनल में मंगलवार को भारत के सत्येंद्र सिंह आठवां स्थान ही हासिल कर सके।

सत्येंद्र के अलावा महिला वर्ग में मेघना सज्जानार और पूजा घाटकर ने भी 10 मीटर एयर राइफल के फाइनल में जगह बनाई थी। इन दोनों को क्रमश: चौथा और पांचवां स्थान हासिल हुआ। इसी के साथ भारत पदक से चूक गया।

भारत को मिश्रित टीम स्पर्धा में जीतू राय और हिना सिद्धू की जोड़ी ने पदक दिलाया था, लेकिन यह स्पर्धा पदक तालिका में नहीं गिनी जाती है। मिश्रित टीम स्पर्धा टोक्यों में होने वाले 2020 ओलम्पिक में आधिकारिक रूप से निशानेबाजी में शामिल होगी। अभी यह महज प्रयोग के तौर पर लागू है।

सत्येंद्र ने अपने मुकाबले में 1.173 का स्कोर कर आठ खिलाड़ियों के फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। उन्होंने इसके साथ ही पहली बार विश्व कप के फाइनल में जगह बनाई थी। साथ ही यह उनका सर्वश्रेष्ठ क्वालीफिकेशन स्कोर भी है।

क्वालीफाइंग दौर में भारत के संजीव राजपूत सिर्फ 1.157 अंक ही हासिल कर सके और 45वें स्थान पर रहे।

फाइनल में बाहर होने वाले सत्येंद्र पहले खिलाड़ी थे। उन्होंने 40 शॉट के बाद 396.7 का स्कोर किया।

हंगरी के इस्टावान पेनी ने स्वर्ण पर कब्जा जमाया। उन्होंने फाइनल में 458.4 का स्कोर किया। वहीं चीन के जिचेंग हुई ने रजत और पोलैंड के थॉमस बर्टनिक को कांस्य पदक मिला।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493