जकार्ता, 14 जून (आईएएनएस)। भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत ने बुधवार को इंडोनेशिया ओपन के दूसरे दौर में जगह बना ली।
श्रीकांत ने बुधवार को पुरुष एकल वर्ग के पहले दौर के मुकाबले में हांगकांग के वोंग विंग ति विसेंट को मात दी।
भारतीय खिलाड़ी ने वोंग को 56 मिनट तक चले मुकाबले में 21-15, 17-21, 21-16 से मात दी।
भारत को महिला युगल वर्ग में निराशा हाथ लगी। अश्विनी पोनप्पा और एन.सिक्की रेड्डी की जोड़ी को इंडोनेशिया की डायना फितरियानी और नाड्या मेलाती की जोड़ी ने मात दी।
इंडोनेशियाई जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 19-21, 21-19, 21-13 से मात दी। यह मैच एक घंटे दो मिनट तक चला।
पुरुष एकल वर्ग में चीन के लिन डैन को चीनी ताइपे के तजु वेई वांग ने 42 मिनट तक चले मुकाबले में सीधे गेमों में 21-16, 21-18 से मात देकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया।
dharmpath.com dharmpath