मैनचेस्टर, 15 जून (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर लीग क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड ने पुर्तगाल के क्लब बेनफिका के डिफेंडर विक्टर लिंडेलोफ के साथ करार कर लिया है।
क्लब की वेबसाइट पर जारी एक बयान में 22 वर्षीय खिलाड़ी लिंडेलोफ के साथ करार की पुष्टि की गई।
युनाइटेड क्लब के कोच जोस मोरिन्हो ग्रीष्मकालीन सत्र में किए गए अपने पहले करार से काफी खुश हैं। उनका कहना है कि स्वीडन के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी टीम को और मजबूती देंगे।
क्लब की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी बयान में कोच मोरिन्हो ने कहा, “लिंडेलोफ काफी प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी हैं। उनका इस क्लब में भविष्य उज्जवल है। पिछले साल सीजन में यह सामने आया था कि हमें विकल्प के तौर पर कई खिलाड़ियों की जरूरत है और एक अच्छे खिलाड़ी के तौर पर लिंडेलोफ हमसे जुड़े है। मैं जानता हूं कि टीम उनका अच्छा स्वागत करेगी।”
लिंडेलोफ ने कहा, “मैं युनाइटेड क्लब के साथ जुड़कर काफी खुश हूं। मैंने बेनफिका में बिताए अपने समय का भरपूर आनंद लिया और काफी कुछ सीखा भी। मुझे अब प्रीमियर लीग क्लब के साथ मैदान पर उतरने का इंतजार है।”
dharmpath.com dharmpath