मंदसौर/रतलाम,15 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को मंदसौर में पशुपतिनाथ के मंदिर में पूजा-अर्चना की और रतलाम के जावरा में किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी उपज समर्थन मूल्य पर खरीदने के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
चौहान ने जावरा के कृषक संवाद कार्यक्रम में किसानों से संवाद करते हुए कहा, “प्रदेश में समर्थन मूल्य पर किसानों की उपज खरीदने की पुख्ता व्यवस्था की जाएगी। मूंग, अरहर, उड़द की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। सोयाबीन को भी समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। सब्जियां, फल, आलू, लहसन आदि उपज को लागत मूल्य से अधिक दाम दिलाने का प्रयास किया जाएगा।”
मुख्यमंत्री चौहान ने कृषक संवाद में किसानों से रूबरू होते हुए कहा कि मंडी में उपज का चेक से भुगतान करने से किसानों को समस्याएं हो रही थीं। अब किसानों को मंडी में उनकी उपज का यथासंभव नगद भुगतान किया जाएगा या आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान खाते में जमा कराया जाएगा। इससे किसानों को 24 घंटे के भीतर उनकी उपज का मूल्य प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री चौहान गुरुवार सुबह पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचे और शिवलिंग की पूजा-अर्चना करने के बाद आरती की। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि वह बाबा के दरबार में राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और सद्भावना की कामना करने आए हैं।
ज्ञात हो कि एक से 10 जून तक चले किसान आंदोलन के दौरान छह जून को मंदसौर में पुलिस की गोलीबारी से पांच और पिटाई से एक किसान की मौत हो गई थी। उसके बाद यहां और अन्य स्थानों पर आगजनी की कई घटनाएं हुईं, बाद में मंदसौर में कर्फ्यू लगाना पड़ा था। बुधवार को चौहान मंदसौर पहुंचे और उन पीड़ित परिवारों के घर गए, जिनके सदस्य पुलिस कार्रवाई में मारे गए थे।
चौहान ने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि राज्य शासन द्वारा घोषित एक करोड़ के मुआवजे की राशि उनके खातों में आ जाएगी, साथ ही एक सदस्य को योग्यता के अनुसार शासकीय नौकरी दी जाएगी। वहीं हिंसा में जिन दुकानदारों या अन्य लोगों की संपत्त्ति का नुकसान हुआ है, सरकार उनकी भी मदद करेगी।
dharmpath.com dharmpath