मप्र : होशंगाबाद में किसान ने खुद को आग लगाई, हालत गंभीर

होशंगाबाद, 16 जून (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले में सूदखोरों से परेशान एक किसान ने शुक्रवार को खुद पर कैरोसिन डालकर आग लगा ली। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है।

देहात थाना क्षेत्र के प्रभारी रामस्नेही ने आईएएनएस को बताया, “रंढाल गांव के रहने वाले किसान बाबूलाल (40) ने शुक्रवार की सुबह अपने ऊपर कैरोसिन डालकर आग लगा ली, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। पहले गांव वालों ने बताया कि आपसी विवाद के चलते उसने यह कदम उठाया, मगर बाद में कर्ज जल्द चुकाने के सूदखोरों के दबाव की बात सामने आई है।”

बाबूलाल के परिजनों ने पुलिस को बताया कि उस पर पांच-छह लोगों का लगभग सात लाख रुपये का कर्ज था। सूदखोर बकाया रकम चुकाने के लिए उस पर लगातार दबाव बना रहे थे।

बाबूलाल की पत्नी गुड्डी बाई ने पुलिस को बताया कि गुरुवार को दो सूदखोर आए थे। उन्होंने रकम चुकता न कर पाने के कारण उसे जलील किया था। गुरुवार की रात बाबूलाल बिना खाना खाए सो गया और सुबह उसने अपने ऊपर कैरोसिन डालकर आग लगा ली।

बुरी तरह झुलसे बाबूलाल को पहले होशंगाबाद के जिला अस्पताल ले जाया गया, वहां से उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल भेज दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493