भुवनेश्वर, 17 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कहा कि ओडिशा के दौरे पर आए दो केंद्रीय मंत्रियों पर अंडे फेंके जाने के विरोध में वह राज्य भर में मौन प्रदर्शन करेगी।
राज्य भाजपा इकाई के उपाध्यक्ष समीर मोहंती ने कहा, “पार्टी ने अंडे से हमला करने के खिलाफ और ढेंकानाल जिले में सामूहिक दुष्कर्म व एक विधवा की हत्या किए जाने की जांच की मांग को लेकर रविवार को मौन प्रदर्शन करने का फैसला किया है।”
मोहंती ने बताया कि सभी नगरपालिकाओं, अधिसूचित क्षेत्र परिषदों और जिला परिषद के क्षेत्रों में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “बीजू जनता दल (बीजद) के गुंडों द्वारा पुलिस की मिली-भगत से केंद्रीय मंत्रियों पर किया गया हमला लोकतंत्र के लिए खतरा है। लोकतंत्र में हिंसा के लिए जगह नहीं है।”
गौरतलब है कि राज्य में हाल ही में केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुआल ओराम और केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह पर दो अलग-अलग मौकों पर अंडे फेंके गए थे।
dharmpath.com dharmpath