भोपाल, 18 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में रविवार को मौसम साफ है और उमस का असर बना हुआ है, वहीं मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
राज्य में रविवार की सुबह से धूप खिली हुई है और उमस परेशान करने वाली है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून पूर्व की गतिविधियों के चलते बीच-बीच में होने वाली बारिश से तापमान में गिरावट आई है, मगर उमस बनी हुई है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटे में होशंगाबाद व इंदौर संभाग के अलावा रतलाम, उज्जैन, सीधी, सिंगरौली, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट आदि स्थानों पर बारिश हो सकती है।
राज्य में रात के समय गर्मी का असर कुछ कम हुआ है। रविवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री, इंदौर का 25.1 डिग्री, ग्वालियर का 27.6 डिग्री और जबलपुर का 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री, इंदौर का 36.2 डिग्री, ग्वालियर का 41.6 डिग्री और जबलपुर का 37.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath