इस्लामाबाद, 18 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने रविवार को कहा कि अफगानिस्तान स्थित उसके वाणिज्यदूतावास से उसके दो राजनयिक शुक्रवार से लापता हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, विदेश मंत्रालय ने कहा कि अधिकारी सड़क के रास्ते पाकिस्तान जाते समय लापता हो गए।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “उनकी सुरक्षा और उन्हें जल्द से जल्द तलाश करने के लिए संबंधित अफगान प्रशासन के समक्ष मामला उठाया गया है।”
अफगानिस्तान प्रशासन ने कहा है कि उनकी खोजबीन के लिए तीन जांच समूह बनाए गए हैं।
मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा, “पाकिस्तान ने अफगान सरकार से प्रार्थना की है कि हमारे अधिकारियों की जल्द से जल्द खोजबीन के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं।”
पाकिस्तान में अफगानिस्तान के राजदूत उमर जाखिलवाल ने घटना की पुष्टि की है।
जाखिलवाल ने सिन्हुआ को बताया, “हां, मुझे और हमारे संबंधित संस्थानों को मामले की जानकारी है। वे लापता अधिकारियों की खोजबीन कर रहे हैं।”
dharmpath.com dharmpath