पुलिस के मुताबिक, एनएच-53 पर स्थित ग्राम चट्टीगिरोला-छुईपाली के बीच रविवार सुबह लगभग 8-10 नक्सली बैनर और पर्चे ग्रामीणों ने देखे और इसकी सूचना पुलिस को दी। बैनर व पर्चे कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
महासमुंद के एएसपी राकेश भट्ट ने कहा कि छुईपाली के पास रविवार सुबह नक्सली बैनर व पर्चे बरामद किए गए हैं, जिनपर किसानों की कर्जमाफी का उल्लेख है।
भट्ट ने कहा, “बैनर पर किसानों की कर्जमाफी का उल्लेख और सरकार की गलत नीतियों से किसानों की आत्महत्या का जिक्र भी है। नक्सलियों ने सरकार को किसानों का विरोधी बताया है, साथ ही मंदसौर मामले में विरोध करने की अपील भी की है। बैनर व पर्चे पर माओवादी बीबीएम कमेटी लिखा हुआ है।”
उल्लेखनीय है कि जिस स्थान पर ये बैनर और पोस्टर पाए गए हैं, वह शहर से महज पांच किलोमीटर दूर है, जिससे नक्सलियों की शहरी क्षेत्र में घुसपैठ का संकेत मिलता है।
dharmpath.com dharmpath