हैदराबाद में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध हालात में मौत

हैदराबाद, 19 जून (आईएएनएस)। बैंक आफ अमेरिका में काम करने वाली एक महिला साफ्टवेयर इंजीनियर की सोमवार को अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी है।

कहा जा रहा है कि बैंक ऑफ अमेरिका में काम करने वाली जी. पद्मजा ने कथित तौर पर आत्महत्या की है लेकिन उनके माता-पिता का कहना है कि उनकी हत्या हुई है। उन्होंने पद्मजा के पति पर हत्या और ज्यादा दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पद्मजा का पति भी सॉफ्टवेयर इंजीनियर है।

सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र के रूप में पहचाने जाने वाले गचिबाउली के सुदर्शन नगर में अपने घर में पद्मजा ने कथित तौर पर खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पद्मजा ने पिछले साल महिंद्रा टेक के कर्मचारी गिरीश नरसिम्हा से शादी की थी। पद्मजा के माता पिता ने आरोप लगाया कि वह दहेज को लेकर उनकी बेटी का उत्पीड़न कर रहा था।

पद्माजा ने शनिवार को उस समय कथित तौर पर आत्महत्या की, जब वह घर पर अकेली थीं। नरसिम्हा ने दावा किया है कि वह अवसाद का शिकार थीं।

पद्मजा के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने अपने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है।

पद्मजा के पिता नागेश्वर राव ने कहा कि उनकी बेटी ने सोमवार को उनसे फोन पर कहा था कि वह कपड़े साफ करने के बाद उनके घर आएगी।

कुछ देर बाद उनके पास नरसिम्हा का फोन आया और उसने बताया कि पद्मजा को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, क्योंकि उसके नाक और कान से खून निकल रहा है। जब तक पद्मजा के माता-पिता अस्पताल पहुंचते, पद्मजा की मौत हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि उसके शव पर चोटों के निशान थे।

पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि वह पद्मजा के पति से पूछताछ कर रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493