न्यूयॉर्क, 20 जून (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर का कहना है कि ‘लीजनेयर्स ऑफ लॉफ्टर’ अवार्ड्स में भारत का प्रतिनिधत्व करने का मौका मिलने से वह बेहद खुश हैं।
विश्व योग दिवस की तैयारियों के मद्देनजर संयुक्त राष्ट्र बिल्डिंग को लाइट्स की स्विच दबाकर रोशन करने वाले अभिनेता ने मंगलवार को ट्विटर के जरिए अवार्ड समारोह में निमंत्रित करने के लिए अभिनेता जेरी लेविस को धन्यवाद दिया।
अनुपम ने ट्वीट किया, “न्यूयॉर्क में ‘लीजनेयर्स ऑफ लॉफ्टर’ अवार्ड्स की रात मुझे आमंत्रित करने के लिए आपका धन्यवाद जेरी लेविस। इस प्रतिष्ठित समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व कर खुश हूं।”
समारोह का आयोजन दुनिया के जाने-माने हास्य कलाकारों को हास्य कला के क्षेत्र में योगदान देने के लिए सम्मानित करने के उद्देश्य से किया गया। समारोह की मेजबानी अभिनेता कॉलिन मोकरी और ब्रैड शेरवुड ने की।
अनुपम जल्द ही फिल्म ‘ट्वायलेट एक प्रेम कथा’ में अक्षय कुमार और भूमि पेडनेकर के साथ नजर आएंगे।
अभिनेता फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ में अपनी भूमिका की तैयारी भी कर रहे हैं, जिसमें वह पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के किरदार में नजर आएंगे।
dharmpath.com dharmpath