बेरूत, 20 जून (आईएएनएस)। लेबनान के सुरक्षा महानिदेशालय ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के एक लेबनानी सदस्य को गिरफ्तार किया है, जो देश में ‘आत्मघाती हमले’ की योजना बना रहा था।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, सुरक्षा महानिदेशालय ने सोमवार को एक बयान में कहा, “उसने पूछताछ में आरोप स्वीकार किए हैं। उसने साथ ही कहा है कि पहले वह अल-नुसरा फ्रंट संगठन का सदस्य था और उसने आतंकवादी ओसामा मंसूर से सैन्य प्रशिक्षण हासिल किया था।”
बयान के अनुसार, “उसने त्रिपोली में हुए संघर्षो में हिस्सा लिया और सेना के साथ त्रिपोली की लड़ाइयां खत्म होने के बाद उसने ओसामा मंसूर से संपर्क किया, जिसने उसे बताया कि उसे एक आत्मघाती हमले के लिए चुना गया है।”
बयान के मुताबिक, “उसके बाद मंसूर ने उसे आगे के निर्देश मिलने और आत्मघाती जैकेट मिलने तक इसके लिए मानसिक रूप से तैयार होने को कहा।”
गिरफ्तार किए गए आतंकी की पहचान ए.ए. के रूप में की गई है।
सुरक्षा महानिदेशालय के मुताबिक, वह आत्मघाती हमला करने के लिए मानसिक रूप से तैयार था, लेकिन उसकी गिरफ्तारी से हमला नाकाम हो गया।
dharmpath.com dharmpath