उप्र : प्रधानमंत्री लखनऊ पहुंचे, कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे (लीड-1)

लखनऊ, 20 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को यहां होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को लखनऊ पहुंच गए, वह अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे।

मोदी विशेष विमान से अमौसी हवाईअड्डे पर उतरे। उनका स्वागत उप्र के राज्यपाल राम नाईक व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस दौरान राज्यपाल व मुख्यमंत्री सहित दो दर्जन से अधिक वरिष्ठ नेता और अधिकारी उनके स्वागत के लिए खड़े थे। मोदी यहां से हेलीकॉप्टर से सीडीआरआई के लिए रवाना हो गए।

मोदी यहां दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के काफी कड़े इंतजाम किए गए हैं। वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करने के अलावा कुछ अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।

गृह विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री जानकीपुरम स्थित सीडीआरआई में नए भवन का लोकार्पण करेंगे। साथ ही नई प्रयोगशाला का भ्रमण भी करेंगे। सीडीआरआई में उनका कार्यक्रम 40 मिनट का होगा।

प्रधानमंत्री इसके बाद शाम करीब 6.10 पर सीडीआरआई से सड़क मार्ग से होते हुए अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) पहुंचेंगे। यहां नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद 400 केवी लखनऊ-कानपुर डीसी ट्रांसमिशन लाइन का लोकार्पण करेंगे।

एकेटीयू में ही प्रधानमंत्री आवास योजना के 20 लाभार्थियों को आवास का आवंटन पत्र वितरित करेंगे। एकेटीयू में उनका कार्यक्रम 50 मिनट का होगा।

गौरतलब है कि मोदी राजभवन में विश्राम से पहले मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास (5, कालिदास मार्ग) में आयोजित भोज में शामिल होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493