राष्ट्रपति चुनाव पर बुधवार को जद (यू) की बैठक

नई दिल्ली/पटना, 20 जून (आईएएनएस)। बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल (युनाइटेड) के शीर्ष नेता राष्ट्रपति चुनाव के मुद्दे पर पार्टी के रुख पर फैसला करने के लिए बुधवार को पटना में बैठक करेंगे।

जद (यू) के प्रवक्ता राजीव रंजन ने पटना से टेलीफोन पर आईएएनएस से कहा, “पार्टी के शीर्ष नेता राष्ट्रपति की उम्मीदवारी पर फैसला करेंगे।”

इस बीच, पार्टी की बिहार इकाई के प्रमुख वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा, “बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित पार्टी का शीर्ष नेतृत्व राष्ट्रपति की उम्मीदवारी पर फैसला करेगा। नीतीश जी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद से भी बातचीत की है।”

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तरफ से राष्ट्रपति उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को समर्थन सहित कई अन्य मुद्दों पर बैठक के दौरान चर्चा होगी।

उन्होंने कहा, “चूंकि वह (कोविंद) बिहार के राज्यपाल हैं, कई अन्य चीजें हैं..और अगर बिहार के राज्यपाल राष्ट्रपति बनते हैं, तो यह राज्य के लिए गर्व की बात होगी।”

कोविंद को पक्षपात से दूर रहने वाला राज्यपाल करार देते हुए राज्यसभा सांसद सिंह ने कहा, “बिहार के राज्यपाल के रूप में कोविंद जी ने शानदार काम किया है। उन्होंने सरकार के काम में कभी दखलंदाजी नहीं की और हमेशा संविधान का आदर किया।”

उन्होंने कहा, “वह हमेशा निष्पक्ष रहे।”

जद (यू) नेता ने कहा कि कोविंद सामाजिक कार्यो में हिस्सा लेते थे, जिसने उन्हें बिहार के लोगों के नजदीक ला दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा द्वारा उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले का उन्हें पता भी नहीं था।

सिंह ने कहा, “मात्र दो दिन पहले मैं और कोविंद जी दोनों पटना में एक कार्यक्रम में थे, जिसमें 151 जोड़ों का विवाह कराया गया। इस दौरान उनसे मेरी बात भी हुई थी, लेकिन वह पार्टी के फैसले से अनभिज्ञ थे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493