जम्मू, 1 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू से शनिवार को 4,477 तीर्थयात्रियों का जत्था अमरनाथ के लिए रवाना हो गया।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बहाल होने के बाद यह तीर्थयात्रा शुरू हुई।
अधिकारियों ने कहा, “3,298 पुरूषों, 986 महिलाओं और 193 साधुओं वाला यह जत्था 136 वाहनों में सवार होकर भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुआ। इस दौरान सुरक्षाबल भी मौजूद रहे।”
यह काफिला तड़के 4.15 बजे रवाना हुआ। किसी भी वाहन को सुरक्षा कारणों से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जवाहर सुरंग से गुजरने की मंजूरी नहीं दी गई।
रामबन जिले में भूस्खलनों की वजह से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया था, जिसके बाद से किसी भी तीर्थयात्री को घाटी में जाने की अनुमति नहीं दी गई।
यह 40 दिवसीय यात्रा 29 जून को शुरू हुई थी और यह सात अगस्त को समाप्त होगी।
अभी तक 10,000 तीर्थयात्री अमरनाथ की गुफा के दर्शन कर चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath