हिमाचल के कई हिस्सों में पहुंचा मॉनसून

शिमला, 1 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण पश्चिम मॉनसून ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश में दस्तक दे दी और कई इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यम दर्जे की बारिश हुई है।

मौसम विज्ञान विभाग ने एक बयान में कहा, “मॉनसून किन्नौर, लाहौल और स्पीति, कुल्लू और मंडी जिलों में तथा सिरमौर, शिमला, कांगड़ा तथा चंबा जिलों के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है।”

बयान में कहा गया है कि मॉनसून तीन-चार दिनों के भीतर पूरे राज्य में पहुंच सकता है।

सामान्य तौर पर राज्य में मॉनसून 27 जून तक पहुंच जाता है।

राज्य की राजधानी शिमला में 25 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, और यहां का अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने कहा कि राज्य में एक जून से अबतक 128 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो इस अवधि के दौरान सामान्य बारिश से 21 प्रतिशत अधिक है।

बिलासपुर, चंबा, मनाली और हमीरपुर को छोड़कर बाकी सभी जिलों में अतिरिक्त बारिश हुई है।

चूंकि हिमाचल प्रदेश में कृषि लोगों का मुख्य पेशा है, और यहां की श्रमशक्ति के 69 प्रतिशत हिस्से को प्रत्यक्ष रोजगार मुहैया कराता है, लिहाजा अच्छी बारिश राज्य के लिए अच्छी मानी जाती है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493