अशोकनगर, 2 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के अशोकनगर में रविवार को एक महिला को सेल्फी लेने के शौक के कारण जान गंवानी पड़ी। वह पहाड़ी पर चढ़कर सेल्फी ले रही थी, तभी उसका पैर फिसल गया और वह लगभग 40 फुट गहरी खाई में जा गिरी। बाद में उसकी मौत हो गई।
चंदेरी थाने के प्रभारी अशोक सिंह तोमर ने आईएएसएस को बताया कि अशोकनगर का एक परिवार चंदेरी घूमने आया था। परिवार की एक सदस्य सुषमा जैन (35) कटी घाटी की पहाड़ी पर चढ़कर सेल्फी ले रही थी, तभी उसका पैर फिसला और वह नीचे खाई में जा गिरी। गंभीर रूप से घायल महिला को अशोकनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
अशोकनगर से चंदेरी जाने वाले मार्ग के बीच में कटी घाटी पड़ती है, जो बहुत ही आकर्षक और खूबसूरत है। सैलानी यहां का प्राकृतिक सौंदर्य देखकर मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। यहां आने वाला हर मोबाइल फोनधारी सेल्फी लेने से नहीं चूकता। सेल्फी लेते समय जो सावधान नहीं रहता, उसकी जान खतरे में पड़ जाती है।
dharmpath.com dharmpath