नई दिल्ली, 2 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस ने भीड़ द्वारा लोगों की पीट-पीटकर हत्या की घटनाओं के लिए रविवार को सरकार को आड़े हाथ लिया। पार्टी ने कहा कि निहित स्वार्थी तत्वों द्वारा हत्यारी भीड़ को गोलबंद करने के लिए अफवाहें फैलाई जा रही हैं।
पार्टी ने कहा है कि पीट-पीटकर मारने की घटनाओं में भाजपा से संबद्ध संघ परिवार के बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद जैसे संगठन बतौर मददगार शामिल रहे हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने झारखंड में बीते हफ्ते पीट-पीटकर मारे गए असगर अंसारी के मामले में भाजपा सदस्य नित्यानंद महतो की गिरफ्तारी का उल्लेख किया।
सुरजेवाला ने कहा, “महतो ने भीड़ को उकसाया। घटना का एक वीडियो दिखा रहा है कि भाजपा नेता न केवल वहां मौजूद था बल्कि उसी ने अंसारी को वैन से खींचकर निकाला। वह देख रहा था, जब भीड़ अंसारी की बेरहमी से पिटाई कर रही थी।”
सुरजेवाला ने कहा, “क्या यह सही नहीं है कि बीते तीन साल के भाजपा शासनकाल में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मारने के 50 से अधिक मामले नहीं हुए हैं? भाजपा से संबद्ध संघ परिवार के बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद जैसे संगठन इन जघन्य मामलों में बतौर मददगार शामिल रहे हैं। उनके खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई?”
उन्होंने पूछा, “क्या यह सत्य नहीं है कि पीट-पीटकर मारने की अधिकांश घटनाएं क्या इसी साल नहीं हुई हैं?”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर महात्मा गांधी और विनोबा भावे का नाम लेकर घड़ियाली आंसू बहाने का आरोप लगाया और कहा कि निश्चित ही वह समय आ गया है जब भाजपा सरकार इस बड़े पैमाने पर फैले भीड़ के उन्माद और पीट-पीटकर मारने की घटनाओं का संज्ञान ले।
dharmpath.com dharmpath