मंदसौर के शहीद किसानों के गांव की मिट्टी 18 जुलाई को पहुंचेगी दिल्ली

भोपाल, 4 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में पुलिस कार्रवाई में मारे गए छह किसानों के गांव की मिट्टी लेकर 6 जुलाई को 150 किसान संगठनों के प्रतिनिधियों का जत्था महाराष्ट्र, गुजरात होते हुए 18 जुलाई को दिल्ली पहुंचेगा।

अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, छह जुलाई को मंदसौर के पिपलियामंडी से शहीद किसानों के गांव की मिट्टी लेकर जत्था निकलेगा, जिसका मकसद देशभर के किसानों को अपने हक के लिए जगाना है। इस अभियान में अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति के सभी घटक संगठनों के राष्ट्रीय नेता हिस्सा लेंगे।

मध्यप्रदेश किसान सभा के अध्यक्ष जसविंदर सिंह ने मंगलवार को एक बयान जारी कर बताया कि इस अभियान में अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव पूर्व सांसद हन्नान मौल्ला एवं पूर्व सांसद सुभाषिणी अली भी उपस्थित रहेंगी।

सिंह के अनुसार, यह जत्था इस चरण में मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात होते हुए 18 जुलाई को दिल्ली पहुंचेगा। ऐसे ही जत्थे उत्तर, दक्षिण, पूरब, पश्चिम में भी निकाले जाएंगे। यह यात्रा पिपलिया मंडी से शुरू होकर महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर दो अक्टूबर को बिहार के चंपारण में संपन्न होगी।

ज्ञात हो कि एक जून से 10 जून तक राज्य में चले किसान आंदोलन के दौरान मंदसौर में पांच किसान पुलिस की गोली से और एक पुलिस की लाठी से मारा गया था। वहीं कई किसानों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493