पणजी, 4 जुलाई (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने गोवा के डाबोलिम अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह द्वारा की गई पार्टी की बैठक से पैदा हुए विवाद पर कोई टिप्पणी करने से मंगलवार को इनकार कर दिया।
विवाद के बारे में पूछे जाने पर पर्रिकर ने कहा, “आपको पार्टी से जवाब मिल चुका है। मैं उसपर टिप्पणी नहीं करना चाहता।”
हवाईअड्डे पर भाजपा की बैठक को लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय में अमित शाह तथा भाजपा की गोवा इकाई के अध्यक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
गोवा हवाईअड्डे के निदेशक बी.सी.नेगी पहले ही कह चुके हैं कि एक जांच का आदेश दिया जाएगा कि हवाईअड्डे पर कैसे किसी राजनीतिक दल की बैठक हुई, जिसके लिए मंजूरी भी नहीं ली गई थी।
वहीं, भाजपा ने दावा किया कि शनिवार को पार्टी के कार्यकर्ताओं के अचानक हवाईअड्डे पर उमड़ पड़ने के कारण बैठक की गई, जबकि कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा तथा शाह खुद को ‘सर्वोपरि’ समझने जैसा आचरण कर रहे हैं और एक संवेदनशील जगह को उन्होंने खतरे में डाल दिया।
dharmpath.com dharmpath