मोतिहारी, 5 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र में दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, जगीरहां कोठी गांव के रहने वाले सोनू कुमार यादव (25) अपने छोटे भाई रोष कुमार (21) के साथ प्रतिदिन की तरह मंगलवार की रात भी घोड़ासहन स्थित अपना स्टुडियो बंदकर वापस घर लौट रहे थे।
इसी बीच घर से थोड़ी दूर पहले घात लगाए कुछ लोगों ने अचानक दोनों पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने गोली मारी और धारदार हथियार से वार कर दोनों भाइयों की हत्या कर दी।
घोड़ासहन के थाना प्रभारी अमरेश कुमार ने बुधवार को बताया, “इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर घटना का कारण भूमि विवाद मानकर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।”
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इन दोनों भाइयों का अपने ही परिजनों से पुराना भूमि विवाद चल रहा था। ऐसे में इस घटना के पीछे भूमि विवाद की आशंका व्यक्त की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath