बंगाल पुलिस की चेतावनी, जिम्मेदारी पूर्वक करें ट्वीट

कोलकाता, 5 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल पुलिस ने बुधवार को सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक सौहार्द को भंग करने की आशंका वाले अफवाह फैलाने को लेकर चेतावनी जारी की है।

एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि एक फेसबुक पोस्ट के कारण उत्तर 24 परगना में सांप्रदायिक हिंसा भड़की।

मुख्यमंत्री का यह बयान आने के अगले ही दिन पुलिस ने यह चेतावनी जारी की है।

पश्चिम बंगाल पुलिस ने ट्वीट के जरिए ही यह चेतावनी जारी की है, जिसमें कहा गया है, “जिम्मेदार लोगों को जिम्मेदारीपूर्वक ही ट्वीट करना चाहिए, न कि अफवाह फैलाने और सांप्रदायिक सौहार्द भंग करने के मकसद से। किसी तरह की अफवाह न फैलाएं। प्रशासन शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की पूरी जिम्मेदारी लेता है।”

बसिरहाट प्रखंड के बादुरिया में घटी घटनाओं के बारे में सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाए जाने के संदर्भ में मुख्यमंत्री ममता ने मंगलवार को केंद्र सरकार की आलोचना की थी।

ममता ने मंगलवार को कहा था, “हम सोशल मीडिया के समर्थन में हैं, लेकिन केंद्र सरकार खास एजेंडा पर काम कर रही है। कई बार इनका उद्देश्य फेसबुक के जरिए नफरत से भरे समूह खड़े करना और दंगे भड़काना होता है। सोमवार की घटना इसी का उदाहरण है। सोशल मीडिया पर झूठी तस्वीरें प्रसारित की गईं, जिनका हकीकत से कोई लेना-देना नहीं था।”

ममता ने कहा था कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वाले लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493