वाशिंगटन, 6 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका की अंतरिक्ष क्षेत्र की कंपनी स्पेसएक्स ने फाल्कन 9 रॉकेट के जरिए एक वाणिज्यिक संचार उपग्रह को प्रक्षेपित किया। यह स्पेसएक्स का बीते 12 दिन के अंदर तीसरा मिशन है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, बुधवार को अपराह्न 7.38 (स्थानीय समयनुसार) बजे फ्लोरिडा स्थित कैनेडी स्पेस सेंटर से इस रॉकेट को प्रक्षेपित किया गया और रॉकेट ने सफलतापूर्वक इंटेलसैट 35ई उपग्रह को उसकी कक्षा में स्थापित किया।
उड़ान भरने के 32 मिनट बाद उपग्रह को कक्षा में स्थापित कर दिया गया।
कैलीफोर्निया स्थित कंपनी ने इस उपग्रह को पहले रविवार और सोमवार को प्रक्षेपित करने का प्रयास किया था, लेकिन दोनों बार इसे आखिरी समय में रोकना पड़ा था।
6.7 टन वजनी इंटेलसैट 35ई फॉल्कन रॉकेट के जरिए प्रक्षेपित यह अब तक का सबसे भारी उपग्रह है।
इंटेलसैट 35ई, लक्जमबर्ग की कंपनी इंटेलसैट की अगली पीढ़ी की उच्च क्षमता वाला चौथा उपग्रह है जिसका उद्देश्य अमेरिका, कैरेबिया, यूरोप और अफ्रीकी क्षेत्रों में डिजिटल सेवाएं प्रदान करना है।
dharmpath.com dharmpath