भोपाल, 6 जुलाई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को पत्र लिखकर राज्य में पूर्णकालिक राज्यपाल नियुक्त किए जाने का अनुरोध करते हुए कहा है कि पूर्णकालिक राज्यपाल के होने से निष्पक्षता के साथ संवैधानिक व्यवस्थाओं का संरक्षण दिन प्रतिदिन हो सकेगा।
नेता प्रतिपक्ष सिंह ने गुरुवार को राष्ट्रपति मुखर्जी को लिखे पत्र में कहा है कि प्रदेश में सरकार के एक मंत्री डॉ़ नरोत्तम मिश्रा को चुनाव आयोग ने अयोग्य घोषित कर दिया है। चुनाव आयोग ने इस संबंध में निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रकरण राज्यपाल को भेज दिया है, चूंकि राज्यपाल स्थायी रूप से उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए यह प्रकरण लंबित है। इस संबंध में विपक्ष भी उनसे भेंट करना चाहता है, लेकिन संभव नहीं हो पा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि एक तरफ राज्य में पूर्णकालिक राज्यपाल नहीं है, दूसरी ओर सरकार का एक मंत्री चुनाव आयोग जैसे सर्वोच्च संवैधानिक संस्था के निर्णय का खुलेआम मखौल उड़ा रहे हैं।
सिंह ने आगे लिखा है कि प्रदेश में 28 दिन में 61 किसानों ने आत्महत्या कर ली। इसके अलावा कई ऐसे मुद्दे हैं, जिन्हें राज्य सरकार स्तर पर सुनवाई न होने के कारण राज्यपाल के समक्ष रखना पड़ता है।
नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि राज्यपाल किसी प्रदेश का संवैधानिक प्रमुख होता इस नाते यह जरूरी है कि वे हमेशा इस प्रदेश के लोगों के लिए उपलब्ध रहें। ऐसा न होने के कारण कई विषम परिस्थितियां प्रदेश में उत्पन्न हो गई हैं।
ज्ञात हो कि रामनरेश यादव का कार्यकाल पूरा होने के बाद से राज्य के राज्यपाल का प्रभार ओम प्रकाश कोहली के पास है। वे गुजरात के पूर्णकालिक राज्यपाल हैं, जिस कारण मध्यप्रदेश को पर्याप्त समय नहीं दे पाते हैं।
dharmpath.com dharmpath