पाकिस्तान : बीएनपी नेता की क्वेटा में गोली मारकर हत्या

इस्लामाबाद, 6 जुलाई (आईएएनएस)। अज्ञात बंदूकधारियों ने पाकिस्तान में एक राजनीतिक पार्टी के नेता की गुरुवार दोपहर बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा शहर में उनके वाहन में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पाकिस्तान के समाचार पत्र ‘डॉन’ की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में बलूचिस्तान नेशनल पार्टी (बीएनपी) नेता मलिक नवीद देहवार की मौत हो गई और उनका अंगरक्षक हाजी एस्सा घायल हो गया।

हमलावर देहवार की कार में गोलियां दागने के बाद मौके से भाग गए। देहवार की घटनास्थल पर मौत हो गई।

घायल अंगरक्षक को इलाज के लिए क्वेटा नागरिक अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

अभी तक किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

बीएनपी ने देहवार की हत्या की कड़ी निंदा की है और सरकार से हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की।

देहवार बीएनपी के स्थानीय नेता थे। बीएनपी के प्रमुख नेता बलूचिस्तान के पूर्व मुख्यमंत्री सरदार अख्तर मेंगल हैं।

राज्य के मुख्यमंत्री नवाब सनाउल्लाह जेहरी ने भी हमले की निंदा की और पुलिस को अपराधियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।

हमला अज्ञात हमलावरों द्वारा पंजगुर क्षेत्र में बलूचिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री रहमत सालेह बलोच पर हमले के बाद हुआ है। हमले में मंत्री और उनके साथी बाल-बाल बचे थे।

बलूचिस्तान एक दशक से भी ज्यादा समय से हिंसा और लोगों को निशाना बनाकर हत्याओं की घटनाओं का गवाह रहा है।

क्षेत्र के हिसाब से देश के सबसे बड़े प्रांत बलूचिस्तान में अलगाववादी अलग राष्ट्र बनाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।

अल कायदा के आतंकी और साम्प्रदायिक तत्व भी इस क्षेत्र में सक्रिय हैं। यह प्रांत अफगानिस्तान और ईरान के साथ पाकिस्तान की अंतर्राष्ट्रीय सीमा साझा करता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493