ऑनलाइन अनुवाद-प्रशिक्षण प्लेटफार्म का लोकार्पण

नई दिल्ली, 7 जुलाई (आईएएनएस)। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के कुलपति प्रो. गिरीश्वर मिश्र ने शुक्रवार को राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय के अधीन केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो द्वारा विकसित ऑनलाइन अनुवाद-प्रशिक्षण प्लेटफार्म का लोकार्पण किया।

इस मौके पर राजभाषा विभाग के सचिव प्रभास कुमार झा, संयुक्त सचिव डॉ. बिपिन बिहारी सहित केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों-उपक्रमों के अधिकारी उपस्थित थे।

दो सत्रों में आयोजित इस कार्यक्रम के प्रथम सत्र में ऑनलाइन अनुवाद-प्रशिक्षण प्लेटफार्म का लोकार्पण किया गया तथा केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो के निदेशक डॉ. एस एन सिंह द्वारा इस प्लेटफार्म से होने वाले लाभ की विस्तृत जानकारी दी गई। द्वितीय सत्र में प्रसिद्ध साहित्यकार पद्मश्री डॉ. नरेंद्र कोहली, भाषाविद् और तकनीकी विशेषज्ञ डॉ. ओम विकास, भाषा-विज्ञानी और हंगेरियन तथा हिंदी के प्रसिद्ध अनुवादशास्त्री डॉ. विमलेश कांति वर्मा द्वारा अनुवाद जैसे महत्वपूर्ण विषय पर वक्तव्य दिए गए।

ऑनलाइन अनुवाद-प्रशिक्षण प्लेटफार्म के लोकार्पण समारोह को सम्बोधित करते हुए प्रो. गिरीश्वर मिश्र ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है एवं एक नई पहल है। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफार्म सभी को उपलब्ध होगा। मिश्र ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी जनता की भाषा में तथा सरल भाषा में उपलब्ध होनी चाहिए।

इस अवसर पर प्रभास कुमार झा ने बताया कि राजभाषा शब्दावली का कार्य प्रारम्भ हो गया है। यह शब्दावली ऑनलाईन और पुस्तक के रूप में उपलब्ध होगी तथा इस शब्दावली में नए-नए शब्द भी शामिल किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राजभाषा शब्दावली लाखों शब्दों का शब्दकोष होगी।

इस अवसर पर राजभाषा भारती के 150वें अंक का विमोचन भी किया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493