भोपाल, 9 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में रविवार को बादली छाई हुई है।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
राजधानी में रविवार सुबह से आसमान पर छाए बादलों से मौसम राहत देने वाला है, मगर उमस बनी हुई है।
राज्य के मौसम में बदलाव का दौर जारी है, बादल छाने और बारिश होने से जहां गर्मी व उमस से राहत मिली है, वहीं धूप खिलते ही गर्मी और उसम अपना असर दिखाने लगती है।
बीते 24 घंटों के दौरान ग्वालियर, जबलपुर, इंदौर, शहडोल व सागर संभाग में कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में रीवा संभाग के अलावा झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी,धार, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर व पन्ना में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है।
राज्य के मौसम में बदलाव के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। रविवार को भोपाल न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 22.3 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 27.2 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 32.6 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 36.8 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
dharmpath.com dharmpath