चंडीगढ़/फरीदाबाद, 9 जुलाई (आईएएनएस)। पुलिस ने रविवार को कहा कि 16 साल के जुनैद खान की पीट-पीटकर हत्या करने के मुख्य आरोपी से फरीदाबाद में पूछताछ की। हत्या के आरोपी को एक स्थानीय अदालत ने दो दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने कहा है कि आरोपी ने अपना गुनाह कबूल किया है।
आरोपी को महाराष्ट्र के धुले से शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। इसे रविवार को फरीदाबाद की एक अदालत में पेश किया गया और पुलिस ने उसकी रिमांड की मांग की।
राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के उपायुक्त कमल देव ने फरीदाबाद में मीडिया से कहा कि आरोपी की आयु तीस साल है। उसकी पहचान का कानूनी प्रावधानों की वजह से खुलासा नहीं किया जा रहा है। वह हरियाणा के पलवल जिले का रहने वाला है। वह दिल्ली में एक निजी कंपनी में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था।
उन्होंने कहा, “हम उससे पूछताछ कर रहे हैं। जांच जारी है। अंतिम तस्वीर पूछताछ के पूरी होने के बाद सामने आएगी।”
देव ने कहा कि आरोपी की पहचान हमारी टीमों ने लगातार 15 दिनों के प्रयास से की है।
उन्होंने कहा कि आरोपी पलवल जिले में अपने घर पर रुका था और बाद में धुले अपने किसी संबंधी के यहां चला गया और वहां काम शुरू किया।
डीसीपी ने कहा कि जिस हथियार (चाकू) से हत्या की गई उसे अभी बरामद किया जाना है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने अपना गुनाह कबूल किया है।
इस हत्या का क्या गोमांस से कोई संबंध है, इस पर देव ने कहा, “पीड़ितों की शिकायत में गोमांस का कोई जिक्र नहीं है और आरोपी ने भी पूछताछ में जिक्र नहीं किया।”
जुनैद खान की बीते महीने बल्लभगढ़ में ट्रेन में एक सीट को लेकर झगड़े के बाद कुछ लोगों के समूह ने बुरी तरह पीटा था व चाकू मार कर हत्या कर दी थी।
पुलिस इस मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
dharmpath.com dharmpath