मीरा पहुंचीं श्रीनगर, अंतर्अात्मा की आवाज पर वोट की अपील

श्रीनगर, 9 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष की उम्मीदवार मीरा कुमार रविवार को समर्थन मांगने जम्मू एवं कश्मीर की राजधानी पहुंचीं। उन्होंने कहा कि भारत जिस विचारधारा और सिद्धांतों में आस्था रखता है, वह इस समय खतरे में है। उन्होंने यहां भी देश के सर्वोच्च पद के लिए ‘अंतर्आत्मा की आवाज’ पर वोट देने की अपील की।

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मीरा ने नेशनल कांफ्रेंस, कांग्रेस और निर्दलीय विधायकों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहता है कि राष्ट्रपति चुनाव सिद्धांतों की लड़ाई के रूप में लड़ा जाए।

मीरा ने कहा, “बात उन सिद्धांतों की है जो मेरे और इस देश के ज्यादातर लोगों के दिल के करीब है। भारत एकता के सूत्र में इसलिए बंधा है, क्योंकि हम इन सिद्धांतों में विश्वास करते हैं।”

उन्होंने कहा कि देश में कई तरह के धर्म हैं, कई संस्कृतियां, विचारधाराएं और भाषाएं हैं, फिर भी देश एकजुट है तो सिर्फ इसलिए कि ये सिद्धांत बचे हुए हैं।

मीरा ने कहा कि इन सिद्धांतों पर खतरा आन पड़ा है और जरूरत इस बात की है कि विचारधाराओं को परखा जाए।

विपक्षी उम्मीदवार ने कहा कि उन्होंने सिद्धांतों में आस्था रखने वाले सभी सांसदों और विधायकों को पत्र लिखा है, चाहे वे किसी भी राज्य या पार्टी के हों, और उनसे कहा है कि वे 17 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के ऐतिहासिक मौके पर ऐसा फैसला लें, जिससे सही मायने में, नई सोच के साथ देश आगे बढ़े और नए भारत का निर्माण हो।

मीरा ने कहा कि ऐतिहासिक फैसला लिए जाते समय अंतर्आत्मा की आवाज सुनी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा, “इसलिए, मैंने उन सभी से अपील की है कि वे अंतर्आत्मा की आवाज सुनें और मुझे समर्थन दें।”

राष्ट्रपति चुनाव में धर्मनिरपेक्ष पार्टियों की उम्मीदवार मीरा कुमार का मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद से है। मीरा की पार्टी उस विचारधारा को देश के लिए खतरनाक मानती है, जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या के लिए जिम्मेदार है। उनके प्रतिद्वंद्वी कोविंद हाल ही में स्पष्ट कर चुके हैं कि वह इस्लाम और ईसाई धर्म को बाहरी देश के धर्म मानते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493