बिहार में राजद विधायकों की बैठक शुरू

पटना, 10 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर शुरू हो गई।

पटना, 10 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायकों की एक महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को पटना में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर शुरू हो गई।

राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की अध्यक्षता में हो रही इस बैठक में पार्टी के लगभग सभी विधायक हिस्सा ले रहे हैं।

राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और उनके परिवार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग द्वारा पिछले कुछ दिनों में की गई कार्रवाई के बाद यह पार्टी की पहली बैठक है। ऐसे में सत्ताधारी महागठबंधन के भविष्य को लेकर इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बैठक में पहुंचे सभी विधायक उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के इस्तीफे के खिलाफ हैं। पार्टी के विधायकों का स्पष्ट कहना है कि तेजस्वी के इस्तीफे का प्रश्न ही नहीं उठता।

बैठक में भाग लेने पहुंचे राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा, “यह एक सामान्य बैठक है और इसमें 27 अगस्त की पटना में प्रस्तावित रैली को लेकर चर्चा की जाएगी।”

तेजस्वी के इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “तेजस्वी क्यों इस्तीफा देंगे। वह इस्तीफा नहीं देंगे। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को केंद्र के कई मंत्रियों से इस्तीफा मांगना चाहिए।”

बिहार में राजद, जदयू व कांग्रेस सत्तारूढ़ महागठबंधन के घटक दल हैं, जिसकी अगुवाई नीतीश कुमार कर रहे हैं।

राज्य में विपक्षी दल भाजपा ने नीतीश कुमार से मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ने को कहा है और लालू के दोनों बेटों के कथित तौर पर भ्रष्टाचार में शामिल होने के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। नीतीश के मंत्रिमंडल में लालू के बेटे तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री व तेज प्रताप स्वास्थ्य मंत्री हैं।

भाजपा तेजस्वी के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

सीबीआई ने लालू प्रसाद व उनके परिवार के सदस्यों से जुड़े पटना, दिल्ली, रांची व गुरुग्राम के 12 ठिकानों पर शुक्रवार को छापेमारी की थी।

उल्लेखनीय है कि जद (यू) ने भी मंगलवार को पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक बुलाई है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493