मुंबई, 10 जुलाई (आईएएनएस)। मुंबई मेट्रो ने सोमवार को अपने 12 में से छह स्टेशनों पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्लास्टिक की बोतलों को रिसाइकल (पुनर्चक्रण) करने के लिए क्रशर लगाए हैं।
वाइल्ड वेस्ट मीडिया द्वारा निर्मित क्रशर डी.एन. नगर, अंधेरी, चकला, मारोल नाका, साकी नाका और घाटकोपर स्टेशनों पर लगाए गए हैं, जहां अधिकतम यात्री पहुंचते हैं।
इस पहल से यात्रियों को प्लास्टिक की बेकार बोतलों के निस्तारण की सुविधा मिलेगी और वे पर्यावरण को साफ रखने में योगदान दे पाएंगे।
मेट्रो के एक प्रवक्ता ने कहा, “एक पारिस्थितिकी- जागरूक उपयोगिता के तौर पर हम पर्यावरण को साफ व हरा भरा रखने का प्रयास करते हैं। साथ ही हम स्वच्छ भारत के निर्माण के लिए पर्यावरण की बेहतरी की दिशा में अच्छे कार्यो को अपनाने के लिए हमेशा तैयार हैं। मुंबई मेट्रो पहले से ही स्वच्छता का पर्याय है।”
मुंबई मेट्रो की 11.40 किलोमीटर की लाइन पर वर्सोवा-अंधेरी-घाटकोपर के बीच 12 स्टेशन हैं।
dharmpath.com dharmpath