पटना, 11 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में मंगलवार को पानी से भरे एक गड्ढे में नहाते समय डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, पॉश इलाके पाटलिपुत्र के पेंशनर भवन के निकट एक पार्क में पानी से भरे बड़े गड्ढे में नहाने के दौरान डूब जाने से दो किशोरों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान 13 वर्षीय दीपक और 14 वर्षीय प्रवीण के रूप में की गई है। दोनों मृतक पास के ही झोपड़पट्टी इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर जिला प्रशासन से जमा पानी निकालने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दो दिनों से पटना सहित राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान पटना में 41.70 मिलीमीटर की बारिश दर्ज की गई है।
बारिश और जल जमाव के कारण पटना जिला प्रशासन के निर्देश के बाद मंगलवार को कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों को बंद रखा गया है।
dharmpath.com dharmpath