कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 3 हिजबुल आतंकवादी मारे गए (लीड-1)

श्रीनगर, 12 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में बुधवार को हिजबुल मुजाहिदीन के तीन आतंकवादी मारे गए। मुठभेड़ मंगलवार को शुरू हुई थी।

पुलिस अधिकारियों को श्रीनगर से करीब 30 किलोमीटर दूर बडगाम जिले के रेडबग गांव में आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने इलाके को चारों ओर से घेर लिया।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादी यहां एक घर में छिपे हुए थे। सुरक्षा बलों ने जैसे ही उस घर की घेराबंदी कड़ी की, आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

आतंकवादियों के खिलाफ यह अभियान पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सेना ने संयुक्त रूप से चलाया था। अंधेरा होने के बाद अभियान रोक दिया गया था, लेकिन बुधवार सुबह यह फिर शुरू हुआ।

अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों ने घर से बाहर निकलकर सुरक्षा बलों के घेरे को तोड़ने के लिए अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सभी तीन आतंकवादी मारे गए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की पहचान जावेद शेख, दाऊद और अकीब के रूप में हुई है। शेख हिजबुल का जिला कमांडर था।

सीआरपीएफ के डीआईजी एम. दिनाकरन ने बताया कि शेख और दाऊद बडगाम जिले के रहने वाले थे।

उन्होंने बताया कि घटनास्थल से एक एके-56 राइफल, एक सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलएफ), एक पिस्तौल और सात मैगजीन बरामद की गई है।

दिनाकरन ने बताया कि सुरक्षा बलों में से किसी को चोट नहीं आई है।

उन्होंने आईएएनएस से कहा, “ग्रामीणों ने सुरक्षा बलों को आतंकवाद-रोधी अभियान से रोकने के लिए उन पर पथराव शुरू कर दिया। हालांकि सुरक्षा बलों ने उन्हें खदेड़ दिया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493