भोपाल, 13 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में गुरुवार सुबह से हो रही बारिश ने गर्मी से थोड़ी राहत दिलाई। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान सामान्य से तेज बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के लगभग हर हिस्से में बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आने के साथ गर्मी और उमस से राहत मिली। रीवा-सतना जिलों में भारी बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा राज्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में भारी बारिश हो सकती है।
राज्य में बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया है। गुरुवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री, इंदौर का 22 डिग्री, ग्वालियर का 25 डिग्री और जबलपुर का 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भोपाल का बुधवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री, इंदौर का 30 डिग्री, ग्वालियर का 34.4 डिग्री और जबलपुर का 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
dharmpath.com dharmpath