समस्तीपुर, 13 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार में समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक घर में आग लग जाने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों की झुलसकर मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, महमदा गांव के रहने वाले मुकेश राय बुधवार रात अपने घर के एक कमरे में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सोए थे। इसी बीच देर रात आसपास के लोगों ने खिड़की से बाहर धुआं निकलता देखा। ग्रामीण जब तक पहुंचते तब तक चारों लोगों की झुलसकर मौत हो गई थी। लोगों ने किसी तरह आग को बुझाया।
मृतकों में मुकेश राय, उनकी पत्नी रूपा देवी, उनकी बेटी अर्चना कुमारी व आंचल कुमारी शामिल हैं।
पूसा के थाना प्रभारी राजकिशोर कुमार ने गुरुवार को बताया कि आग लगने का कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि रात में जल रहे दीये से आग लगने की आशंका जताई गई है।
बाद में ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
dharmpath.com dharmpath