मोदी ने उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनने पर नायडू को बधाई दी

नई दिल्ली, 17 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तरफ से सोमवार को वेंकैया नायडू को उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी। उप राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव पांच अगस्त को होगा।

मोदी ने ट्वीट किया, “मैं वेंकैया नायडू को वर्षो से जानता हूं। मैंने उनकी कड़ी मेहनत तथा समर्पण के लिए हमेशा उनकी सराहना की है। उप राष्ट्रपति पद के लिए वह योग्य उम्मीदार हैं।”

उन्होंने कहा, “एक किसान के बेटे वेंकैया नायडू के पास सार्वजनिक जीवन का लंबा अनुभव है और पूरे राजनीतिक फलक में उन्होंने प्रशंसा पाई है।”

उन्होंने कहा कि संसदीय मामलों के मंत्री के रूप में नायडू का अनुभव निर्वाचित होने पर उन्हें राज्यसभा के सभापति के रूप में अपनी अहम भूमिका निभाने में मददगार साबित होगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं सूचना एवं प्रसारण मंत्री वेंकैया नायडू को सोमवार को सर्वसम्मति से राजग का उप राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार चुना गया। नायडू मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे नामांकन दाखिल करेंगे।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह खुशी की बात है कि किसान का बेटा देश का उप राष्ट्रपति बनेगा।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि नायडू एक संस्थान की तरह हैं और उप राष्ट्रपति के उम्मीदवार के रूप में उनका मनोनयन खुशी की बात है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493