राष्ट्रपति चुनाव : बिहार विधानसभा में 241 विधायकों ने मतदान किया (लीड-1)

पटना, 17 जुलाई (आईएएनएस)। देश के 14वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए बिहार विधानमंडल में सोमवार को 241 विधायकों ने मतदान किया। मतदान को लेकर विधानमंडल की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। बिहार में कुल 243 विधायक हैं।

विधानसभा पुस्तकालय कक्ष में मतदान के लिए दो कंपार्टमेंट बनाए गए थे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दरभंगा शहर के विधायक संजय सरावगी ने पहला वोट डाला। करीब सभी पार्टियों के विधायक 11 बजे तक विधानसभा पहुंच गए थे। वे कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते देखे गए। मतदान का समय सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक था, लेकिन समय से पहले ही सारे विधायक मतदान कर चुके थे।

नए राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद और विपक्षी पार्टियों की संयुक्त उम्मीदवार पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार के बीच मुकाबला है। बिहार में सत्तारूढ़ महागठबंधन में शामिल कांग्रेस और राजद जहां बिहार की बेटी मीरा के समर्थन में हैं, वहीं जद (यू) कोविंद के पक्ष में है।

चुनाव के मद्देनजर बिहार विधानमंडल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने कहा कि चुनाव के लिए सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई। किसी भी विधायक को कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लेकर अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई थी।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार ने कोविंद की जीत का दावा करते हुए कहा कि संख्याबल और बिहार के राज्यपाल के कार्य को ध्यान में रखते हुए यहां के अधिकांश विधायकों ने उनका समर्थन किया। उन्होंने दावा किया कि निर्दलीय विधायकों का मत भी कोविंद को मिला है।

राष्ट्रपति पद के लिए महिला उम्मीदवार मीरा कुमार ने संख्याबल कोविंद के साथ देखते हुए अंतरात्मा की आवाज पर मतदान की अपील की थी। उन्होंने इस चुनाव को ‘विचारधारा की लड़ाई’ नाम दिया। उन्होंेने भरोसा जताया था कि जिन सांसदों व विधायकों का देश की धर्मनिरपेक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों में आस्था है, वे दलगत भावना पर ऊपर उठकर उनके पक्ष में मतदान करेंगे।

उनकी पार्टी मानती है कि कोविंद जिस विचारधारा से ताल्लुक रखते हैं, वह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की हत्या, गुतरात दंगों में हजार बेगुनाह इंसानों की हत्या और गौरक्षा के नाम पर देश में जगह-जगह हो रही हत्याओं के लिए जिम्मेदार है। कोविंद कह चुके हैं कि वह इस्लाम और ईसाई को बाहरी देश के धर्म मानते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493