जूनियर कबड्डी खिलाड़ी से दुष्कर्म के आरोप में पहलवान गिरफ्तार

नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्तर की एक जूनियर कबड्डी खिलाड़ी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में पश्चिमी दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके से एक पहलवान को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान नरेश दहिया (40) के तौर पर हुई है। वह शाहबाद डेयरी इलाके के जैन एक्सटेंशन का निवासी है।

दहिया अपने गांव में कुश्ती केंद्र चलाता है। उसे मंगलवार की रात उसके आवास से गिरफ्तार किया गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “यह घटना 9 जुलाई को हुई। पीड़िता ने दहिया पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़ित उत्तरी दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में प्रशिक्षण के लिए गई थी। दहिया ने खुद को कोच के तौर पर पेश किया और पीड़ित को आहार संबंधी सुझाव देने के लिए अपनी कार में बुला लिया।”

अधिकारी ने कहा, “कुछ दूरी तय करने के बाद दहिया ने पीड़ित के कंधे के पीछे मारा जिससे वह बेहोश हो गई। बाद में जब वह होश में आई तो पीड़िता ने खुद को एक फ्लैट में पाया। आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।”

उन्होंने कहा कि दहिया ने पीड़ित को अगले दिन स्टेडियम के पास छोड़ दिया और अपराध का खुलासा करने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

बाद में पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया और दहिया के खिलाफ उत्तरी दिल्ली के मॉडल टाउन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

दहिया पर भारतीय दंड संहिता की धार 376 व पाक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने कहा कि पीड़ित की चिकित्सा जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। उसका इलाज चल रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493