दिल्ली में तेज बारिश से जल भराव, यातायात जाम (लीड-1)

नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में गुरुवार सुबह तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। हालांकि इससे कई स्थानों पर जलभराव और यातायात जाम की समस्या भी पैदा हुई, जिसके कारण सुबह स्कूल व दफ्तर जाने में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

दिल्ली यातायात पुलिस हेल्पलाइन पर जल भराव की 70 शिकायतें आईं। वहीं, बारिश के कारण कई यातायात सिग्नल बंद हो गए।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “अभी तक हमें जल भराव की 70 शिकायतें मिल चुकी हैं। हम एक-एक कर सभी मामले देख रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि ज्यादातर शिकायतें दक्षिण दिल्ली के पास जैसे निजामुद्दीन, मालवीय नगर और ओखला से आई थीं। पूर्वी दिल्ली से 20 से ज्यादा शिकायतें मिलीं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, सुबह 8.30 बजे तक 25.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में भी हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

आम लोग जल भराव के कारण यातायात बाधित होने से सबसे अधिक परेशान रहे।

नोएडा की एक कंपनी में कार्यरत एक पीआर पेशेवेर गोविंद प्रधान ने कहा, “जल भराव के कारण यातायात जाम होने की वजह से मैं लाजपत नगर-आश्रम के बीच डेढ़ घंटे तक फंसा रहा। अगर ऐसी स्थिति रहती है तो बेहतर है कि दिल्ली में बारिश न हो।”

नोएडा के लोगों को भी इसी तरह की परिस्थिति का सामना करना पड़ा है। यातायात सिग्नलों के काम न करने से उत्पन्न ट्रैफिक जाम के कारण ऑफिस जाने वालों और स्कूली बच्चों को बहुत अधिक परेशानी हुई।

आईएमडी के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।

सुबह 8.30 बजे वातावरण में आद्र्रता का स्तर 98 प्रतिशत दर्ज किया गया।

यहां बुधवार को न्यूनतम तापमान तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493