श्रीनगर, 24 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर पुलिस ने सोमवार को कहा कि करीब महीने भर पहले पुलिस उपाधीक्षक मोहम्मद अयूब पंडित की पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले में उसने 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पंडित की नौहट्टा इलाके में शहर की सबसे बड़ी मस्जिद के बाहर एक भीड़ ने पीट-पीटकर 23 जून को हत्या कर दी थी। पंडित को मस्जिद के बाहर आने वालों को नियंत्रित रखने के लिए तैनात किया गया था।
पुलिस महानिरीक्षक मुनीर अहमद खान ने मीडिया से कहा, “अधिकारी की पीट-पीटकर हत्या के मामले में शामिल 20 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और बाकी गिरफ्तारियां भी आने वाले दिनों में होने की संभावना है।”
उन्होंने कहा, “जांच जारी है और मास्टरमांइड की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि मारे गए अधिकारी के सामान आरोपियों के पास से बरामद हुए हैं।”
खान ने कहा कि अधिकारी की हत्या में शामिल एक व्यक्ति सजाद अहम गिलकर को सुरक्षा बलों ने 12 जुलाई को बडगाम जिले के रेडबुघ गांव में मार गिराया था।
हालांकि, खान ने कहा कि अधिकारी की हत्या अचानक की गई और यह पूर्व नियोजित घटना नहीं लग रही।
उन्होंने कहा कि घटना में अलगाववादी नेता मीरवाइज उमर फारूख की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
मीरवाइज 23 जुलाई को शब-ए-कद्र की पवित्र रात को नौहट्टा इलाके की जामिया मस्जिद में धार्मिक उपदेश दे रहे थे।
dharmpath.com dharmpath