पणजी, 24 जुलाई (आईएएनएस)। गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष माइकल लोबो ने सोमवार को राज्य की ट्रैफिक पुलिस पर पर्यटकों को परेशान करने का आरोप लगाया है, खासकर समुद्रतटीय इलाकों में।
विधानसभा में गृह मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा के दौरान लोबो ने कहा कि देश के अंदर से ही गोवा आने वाले पर्यटकों, खासकर नवविवाहित जोड़ों, को ट्रैफिक पुलिस द्वारा परेशान किया जा रहा है।
लोबो ने कहा, “हर दूसरे दिन भारतीय पर्यटकों के अलावा विदेशी पर्यटकों को भी लगातार परेशान किया जा रहा है। अगर कोई पर्यटक यहां आता है और मोटरसाइकिल की सवारी करता है, तो यहां तीन दिन रुकने के दौरान उसे सड़क पर पुलिस द्वारा छह बार रोका जाता है। इससे ज्यादा मैं कुछ नहीं कहना चाहता।”
लोबो गोवा में कालांगुटे विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और उनके इलाके में कई समुद्रतट पड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यटकों को परिवहन नियमों का उल्लंघन कर परेशान करने वाले पुलिसकर्मियों पर जुर्माना लगाकर इसे कम किया जा सकता है।
गौरतलब है कि गोवा में हर साल 40 लाख पर्यटक पहुंचते हैं, जिनमें से आधे पर्यटक विदेशी होते हैं।
dharmpath.com dharmpath