कोलकाता, 24 जुलाई (आईएएनएस)। आईसीसी महिला विश्व कप की उप-विजेता भारतीय टीम की अनुभवी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने सोमवार को कहा कि भारतीय महिला टीम के अब तक के सफर को देखते हुए यह खेल को आगे ले जाने का बिल्कुल सही समय है।
झूलन ने लंदन में एएनएम समाचार चैनल से बातचीत में कहा, “यह महिला क्रिकेट में निवेश करने का सही समय है।”
उन्होंने कहा, “मैं यहां से महिला क्रिकेट में नया उदय देखती हूं। इस समय महिला क्रिकेट सही राह पर है और यहां से एक नए सफर की शुरुआत होगी।”
झूलन ने लॉर्ड्स में रविवार को खेले गए फाइनल मैच में 23 रन देकर तीन विकेट लेते हुए इंग्लैंड को 228 रनों पर सात विकेट पर ही सीमित कर दिया था। लेकिन भारत इस आसान से लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाई और नौ रनों से मैच गंवा बैठी।
इंग्लैंड की अन्या श्रूबसोले ने अंत में लगातार अंतराल पर विकेट लेकर भारत के मुंह से जीत छीन ली। छह विकेट चटकाने वाली अन्या प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं।
झूलन ने कहा, “मैं मैच के बारे में बात नहीं करना चाहती। हमें चारों ओर से सराहाना मिल रही है, यह हमारे लिए अच्छा अहसास है। लेकिन अगर हम फाइनल जीत जाते तो बात अलग होती। हम जिस तरह से फाइनल हारे, उससे हम दुखी हैं। अगली बार हम अच्छा करने की कोशिश करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath